14 सितम्बर के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, लखनऊ में शुष्क व गर्म मौसम; भोपाल, इंदौर, नागपुर, मुंबई में बारिश

September 13, 2017 4:59 PM|

 

उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ दिखाई दे रहा है। मॉनसून की अक्षीय रेखा भी उत्तर भारत के मैदानी भागों से होकर गुज़र रही है और हिमालय के तराई क्षेत्रों के करीब है। हालांकि यह सिस्टम प्रभावी नहीं हैं जिसके चलते उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों से लेकर दिल्ली सहित समूचे मैदानी भागों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। उत्तर पश्चिमी हवाएँ चलती रहेंगी और तेज़ धूप के साथ दिन में गर्मी जारी रहेगी।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का रुख करें तो यहाँ बांग्लादेश और इससे सटे बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों पर एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके चलते पूर्वोत्तर भारत के राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड और ओड़ीशा में भी हल्की बारिश हो सकती है जबकि उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहेगा।

मध्य भारत में इस समय मॉनसून सक्रिय है। यहाँ विदर्भ और उससे सटे भागों पर बने चक्रवाती सिस्टम के चलते दक्षिणी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना भी बनी हुई है।

राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों और इससे सटे पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से उत्तरी कोंकण तक एक ट्रफ भी विकसित हो गई है। इसके चलते गुजरात, कोंकण गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

[yuzo_related]

दक्षिण भारत में तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कई जगह मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं।

तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की बारिश हो सकती है जबकि तमिलनाडू, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बौछारें गिर सकती हैं।

Live status of Lightning and thunderGujarat

भारत के प्रमुख शहरों का मौसम देखें तो हैदराबाद में मध्यम वर्षा होने के आसार हैं जबकि बंगलुरु, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

राजधानी दिल्ली में धूप खिली रहेगी और मौसम गर्म तथा शुष्क बना रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles