8 सितंबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: पूर्वी भारत के कुछ भागों में अच्छी बारिश के आसार

September 7, 2016 5:18 PM | Skymet Weather Team

 

पूर्वी भारत में निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे भागों पर दिखाई दे रहा है। मॉनसून की अक्षीय रेखा का पूर्वी सिरा भी पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और इस सिस्टम के बीच में बनी हुई है। जबकि इसका पश्चिमी छोर अभी भी हिमालय की तराई में है। इन सिस्टमों के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अच्छी मॉनसूनी बारिश होने की संभावना है। ओड़ीशा, छत्तीसगढ़ के शेष भागों, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

इधर गुजरात पर एक नया चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है। इसके प्रभाव से दक्षिणी गुजरात और उत्तरी कोंकण-गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

तटीय कर्नाटक में भी हल्की बारिश हो सकती है। जबकि केरल सहित प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश भागों में मॉनसून सुस्त रहेगा।

इस बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश सहित उत्तर भारत के भागों में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ चलती रहेंगी। जिसके चलते दिल्ली सहित इन भागों में दिन में गर्मी रहेगी। हालांकि सुबह और रात में मौसम सुहावना बना रहेगा।

उधर उत्तर भारत के करीब एक नया पश्चिमी विक्षोभ आता दिखाई दे रहा है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे भागों पर दिखाई दे रहा है। हालांकि यह बहुत प्रभावी नहीं है जिससे उत्तर के पहाड़ों या मैदानों के मौसम को विशेष रूप से प्रभावित नहीं करेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES