29 सितंबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा में अच्छी वर्षा

September 28, 2016 5:27 PM|

 

दक्षिण पश्चिम मॉनसून राजस्थान के कुछ और भागों से वापस हो गया है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के भी कई भागों से यह वापस लौट चला है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के बाकी मैदानी भागों से भी इसके वापस होने के लिए परिदृश्य अनुकूल है।

इस बीच उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों से लेकर मैदानी भागों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

मध्य भारत में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। गंगीय पश्चिम बंगाल से उत्तरी तमिलनाडु तक एक ट्रफ भी बना हुआ है।

इन सिस्टमों के प्रभाव से ओड़ीशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और एक-दो जगह भारी वर्षा होने के आसार हैं।

तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और उत्तरी तमिलनाडु में भी कुछ स्थानों पर हल्की मॉनसूनी बौछारें गिर सकती हैं।

पूर्वी मध्य प्रदेश के भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और पश्चिमी तटीय भागों अधिकांश जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा और छिटपुट बारिश देखने को मिलेगी।

पूर्वोत्तर में असम पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र त्रिपुरा पर दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा के कुछ भागों में मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों में बारिश में कमी आने की संभावना है।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles