15 अक्टूबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर भारत में शुष्क मौसम, देश के दक्षिणी किनारों पर होगी वर्षा

October 14, 2016 6:40 PM|

 

केरल पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा लक्षद्वीप से इस सिस्टम से मिलते हुए बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में पहुँच रही है। इस सिस्टम के प्रभाव से केरल, दक्षिणी तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की जा सकती है।

पूर्वी भागों में भी एक ट्रफ सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। शेष पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश होने के आसार फिलहाल नहीं हैं।

इस बीच राजस्थान पर बने एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते समूचे उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलती रहेंगी। इन हवाओं का प्रभाव पूर्वी भारत के भी कुछ भागों तक पहुँचने लगा है। इन्हीं हवाओं के कारण देश के उत्तरी और मध्य भागों में वातावरण में नमी कम रहेगी और शुष्क मौसम जारी रहेगा। साथ ही दिल्ली सहित इन भागों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ और गिरावट देखने को मिलेगी।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles