25 नवम्बर के लिए मौसम पूर्वानुमान: जम्मू कश्मीर, हिमाचल, तमिलनाडु व केरल में वर्षा के आसार

November 24, 2016 4:30 PM|

 

जम्मू कश्मीर और उससे सटे उत्तरी पाकिस्तान के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुँच गया है। इसके चलते जम्मू कश्मीर में कुछ स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं बारिश या हिमपात देखने को मिल सकता है। पर्वतीय राज्यों के न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जाएगी जबकि उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों और मध्य भारत के राज्यों में तापमान में बदलाव के आसार फिलहाल नहीं हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में पश्चिमी असम से बांग्लादेश तक एक ट्रफ रेखा बन गई है। इसके चलते पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा और सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा या कुहासा छाया रहेगा।

दक्षिणी भागों का रुख करें तो कोंकण से कोमोरिन क्षेत्र तक एक ट्रफ बनी हुई है। एक अन्य ट्रफ बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व से श्रीलंका तक बनी हुई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, दक्षिणी तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप क्षेत्र में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि चेन्नई सहित तमिलनाडु के उत्तरी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

author image