11 नवम्बर के लिए मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर के पहाड़ों पर बर्फबारी, पंजाब में वर्षा के आसार

November 10, 2016 7:34 PM | Skymet Weather Team

 

उत्तर भारत की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। यह सिस्टम पश्चिमी हिमालयी भागों को 11 नवंबर की शाम से प्रभावित कर सकता है। इसके चलते जम्मू कश्मीर के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने के आसार हैं जबकि राज्य के शेष भागों और उत्तरी पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस सिस्टम के प्रभाव से ही पर्वतीय भागों और दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। हालांकि न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा जिससे आप ठंडी का अनुभव कर ही सकते हैं।

मध्य भारत के भागों विशेषकर मध्य प्रदेश के दक्षिणी जिलों, विदर्भ और तेलंगाना में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा।

इस बीच दक्षिण में हम दो चक्रवाती सिस्टम देख सकते हैं। एक मौसमी सिस्टम लक्षद्वीप के पास जबकि दूसरा उत्तरी अंडमान सागर में बना हुआ है। इन सिस्टमों के प्रभाव से अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, दक्षिणी तमिलनाडु और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। केरल में एक-दो जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में असम और त्रिपुरा के पास बांग्लादेश पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की वर्षा जारी रहने का अनुमान है।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES