25 मई के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर के पहाड़ों तथा मुंबई व बंगलुरु में बारिश, तेलंगाना में चलेगी लू

May 24, 2016 4:50 PM | Skymet Weather Team


 

उत्तर भारत के मैदानी भागों में भीषण गर्मी के तांडव के बाद आखिरकार सोमवार को मौसम ने करवट ली। दोपहर बाद से शाम तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में तेज़ आँधी और बादलों की गर्जना के साथ कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। पर्वतीय भागों में भी अधिकांश स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिली।

उत्तर में बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल रहा है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी धीरे-धीरे निष्प्रभावी हो जाएगा।

हालांकि अगले 24 घंटों तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी। उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना हो सकती है।

गंगीय पश्चिम बंगाल पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आगे बढ़कर बंगाल की खाड़ी के उत्तर में पहुँच गया है। गंगा के मैदानी भागों से होते हुए यह ट्रफ रेखा इस सिस्टम में मिल रही है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के तराई वाले भागों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान अच्छी प्री-मॉनसूनी बौछारें दर्ज की जा सकती हैं।

बारिश के बाद अब गर्मी की बात, ओड़ीशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ और तेलंगाना में खुले आसमान के चलते तापमान बढ़ेगा और काफी तेज़ गर्मी महसूस की जाएगी। हालांकि लू का प्रकोप तेलंगाना, ओड़ीशा और राजस्थान के एक-दो स्थानों पर ही देखने को मिलेगा।

अरब सागर में विकसित हो रहा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र निरंतर प्रभावी रहा है। इसके चलते मुंबई सहित महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के तटीय भागों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। बंगलुरु में भी कुछ बारिश हो सकती है जबकि चेन्नई और हैदराबाद में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

 

OTHER LATEST STORIES