24 मई का मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में हल्की जबकि असम, मेघालय, त्रिपुरा में भयंकर होगी बारिश

May 23, 2019 8:12 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 मई को भी अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है। ऐसी गतिविधियां इसलिए हो रही हैं क्योंकि लगातार उत्तर भारत से होकर आर्द्र हवाएं गुजर रही हैं जिसे पश्चिमी विक्षोभ कहते हैं।
इसी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पाकिस्तान के मध्य भागों पर हवाओं में चक्रवाती क्षेत्र बना है, जो उत्तर भारत के मैदानी राज्यों के मौसम को प्रभावित करेगा। उम्मीद है कि 24 मई को पंजाब में कुछ स्थानों पर जबकि हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं आँधी चलने या गरज के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। हवाओं में बढ़ी आर्द्रता और बादल छाने के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

मध्य भारत में ज़्यादातर इलाकों में गर्मी का प्रकोप होगा क्योंकि मौसम शुष्क बना रहेगा। जबलपुर, मंडला, बालाघाट सहित पूर्वी मध्य प्रदेश और नागपुर, वर्धा, अकोला सहित महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा जिससे लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों तथा गुजरात में मौसम शुष्क और काफी ज्यादा गर्म होगा। हालांकि उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
देशभर में पूर्वोत्तर बादलों की सबसे अधिक मेहरबानी देखने को मिल रही है। असम, मेघालय और त्रिपुरा के साथ-साथ उप हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 48 घंटों तक भीषण बारिश देखने को मिल सकती है।
यह बारिश बिहार और बांग्लादेश पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण हो रही है।

पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जबकि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
जौनपुर प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों पर मौसम मेहरबान नहीं होगा और लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

दक्षिण भारत पर बनी ट्रफ के प्रभाव से दक्षिण भारत के राज्यों केरल, दक्षिणी कर्नाटक, तमिलनाडु, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश 24 मई को होगी।
इसके बावजूद तेलंगाना के कुछ शहरों में लू का प्रकोप रहेगा। जबकि मॉनसून का सबसे पहले स्वागत करने वाले अंडमान और निकोबार के क्षेत्र में मध्यम बारिश जारी रहेगी।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES