21 मई के लिए मौसम पूर्वानुमान: चक्रवात रोआनु के चलते गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में भारी बारिश

May 20, 2016 5:23 PM|

 

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात रोआनू इस समय खाड़ी के मध्य-पश्चिम में है और ओड़ीशा के तटों के साथ-साथ यह उत्तर पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। भुवनेश्वर से यह लगभग 150 किलोमीटर दूर पूर्व में है। चक्रवात रोआनू 21 मई की रात या 22 मई की सुबह के समय बांग्लादेश के तट पर लैंडफॉल का सकता है। उसके बाद यह कमजोर पड़ जाएगा। उससे पहले चक्रवात के प्रभाव से तटीय ओड़ीशा और कोलकाता सहित गंगीय पश्चिम बंगाल के कई भागों में शनिवार को भारी बारिश होगी। इन भागों में कहीं-कहीं भीषण वर्षा की भी आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश में कमी आएगी हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी। इसके अलावा चक्रवात के प्रभाव से ही निचले असम, मेघालय, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भी शनिवार को भारी वर्षा हो सकती है। आंतरिक ओड़ीशा, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।

प्रायद्वीपीय भारत में शनिवार को बारिश में व्यापक रूप में कमी आएगी। हालांकि केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश में कमी से किसी नए मॉनसूनी सिस्टम के आने तक इन भागों में गर्मी बढ़ेगी।

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के भागों में भीषण लू का प्रकोप शनिवार को भी जारी रहेगा। विशेष परेशानी राजस्थान में होगी क्योंकि यहाँ कई जगहों पर पारा 50 डिग्री के भयानक स्तर तक पहुँच रहा है।हालांकि पंजाब और उससे सटे राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों पर से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक पहुँच रही है। इसके चलते दिल्ली सहित ट्रफ के आसपास के भागों में एक-दो स्थानों पर धूलभरी आँधी चलने और बादलों की गर्जना जैसी मौसमी हलचल देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में कुछ कमी भले आएगी लेकिन अगले 3-4 दिनों तक भीषण लू का शिकंजा बना रहेगा।

 

Similar Articles