11 मई का मौसम पूर्वानुमान: पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में धूल भरी आँधी व गरज-बौछारें

May 10, 2019 7:59 PM|

उत्तर भारत से शुरूआत करें तो, एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है। इससे प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और साथ लगे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर देखा जा सकता है। ये सिस्टम, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश देंगे। वहीं, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में धूल भरी आँधी और गरज-बौछारें संभव हैं। उत्तर-पश्चिमी मैदानी भागों में हीट वेव से राहत मिल सकती है।

मध्य भारत की बात करें तो, यहाँ अरब सागर से दक्षिणी राजस्थान और गुजरात पर नम हवाएँ बह रहीं हैं। इसके चलते इन क्षेत्रों पर तापमान गिर सकते हैं। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और साथ लगे पश्चिमी मध्य प्रदेश में एक-दो जगह धूल भरी आँधी और बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी छिट-पुट बारिश की संभावना है।

हालांकि, गुजरात, कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। वहीं, मुंबई में मौसम के उमस भरे और गरम रहने का अनुमान है।

पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत की ओर बढ़ें, तो एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र असम और साथ लगे क्षेत्रों पर देखा जा सकता है। एक ट्रफ रेखा झारखंड से ओड़ीशा होते हुये आंतरिक कर्नाटक तक जा रही है। इसके चलते उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगह वर्षा हो सकती है।

झारखंड और ओड़ीशा में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में मौसम शुष्क ही बना रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

नीचे दक्षिण भारत में, ये ट्रफ रेखा उत्तर-तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में एक-दो जगह बारिश देगी। हालांकि, बेंगलुरु सहित दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु और केरल में कुछ जगह बारिश हो सकती है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तटीय तमिलनाडु में मौसम शुष्क ही रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

Similar Articles