10 मई के लिए मौसम पूर्वानुमान: बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कोलकाता, राजस्थान, पंजाब में प्री-मॉनसून वर्षा

May 9, 2017 7:50 PM | Skymet Weather Team

 

दिल्ली, बंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता में अगले 24 घंटों के दौरान होगी प्री-मॉनसून बारिश। आइये डालते हैं एक नज़र देश भर के मौसम पर

एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर को पार कर रहा है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब के पास दिखाई दे रहा है। इन सिस्टमों के प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मैदानी राज्यों में विशेष मौसमी बदलाव की अपेक्षा नहीं है लेकिन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर दोपहर या शाम के समय धूलभरी आँधी चलेगी।

इन भागों में गरज के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इससे एक ट्रफ रेखा बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुँच रही है।

इसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जना के साथ वर्षा हो सकती है।

इसमें उत्तरी बिहार, इससे सटे पश्चिम बंगाल और असम में भीषण गर्जना होने और बिजली गिरने की घटनाएँ भी हो सकती हैं।

मध्य भारत का रुख करें तो यहाँ ओड़ीशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ तथा मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है।

दक्षिण भारत में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तेलंगाना के ऊपर बना हुआ है और इससे एक ट्रफ रेखा दक्षिणी तमिलनाडु तक है और मौसम को प्रभावित कर रही है।

इन सिस्टमों के प्रभाव से केरल, तमिलनाडु, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर हल्की जबकि एक-दो जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES