[Hindi] 11 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: देश में जल्द शुरू होगी अच्छी वर्षा, आरंभ उत्तर भारत से

March 10, 2016 5:30 PM | Skymet Weather Team


 

देश के अधिकांश भागों में जल्द ही अच्छी बारिश शुरू होने की संभावना है। व्यापक बारिश का यह दौर उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुक्रवार को आरम्भ होगा। दिल्ली और मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर के पास पहुंचेगा। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी साथ-साथ आगे बढ़ रहा है और यह मध्य पाकिस्तान और आसपास के भागों तक पहुंच जाएगा।

बारिश धीरे-धीरे 12 मार्च से बढ़ जाएगी। उस दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में मध्यम बारिश के साथ भारी बौछारें गिरने की भी संभावना है।

उत्तरी गुजरात से एक ट्रफ बन रही है। इसके प्रभाव से मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ भागों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

इस सिस्टम से झारखण्ड और ओडिशा तक एक ट्रफ बनी हुई है। बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 13 मार्च को बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो पूर्वी असम, अरूणाचल प्रदेश और नागालैण्ड में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।

इधर पश्चिमी तटों के पास बनी ट्रफ के प्रभाव से मुंबई से लेकर केरल तक तटीय भागों में हल्की बारिश एक-दो स्थानों पर देखने को मिल सकती है।

 

OTHER LATEST STORIES