04 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: मध्य के बाद अब उत्तर भारत में दिखेगी मौसम की मेहरबानी

March 3, 2016 5:21 PM|

 

एक नया पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे भागों पर पहुंचेगा। इसके प्रभाव से उत्तरी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना रहेगा और मैदानी राज्यों में मौसम को प्रभावित करेगा।

शुक्रवार की शाम से इन मौसमी सिस्टमों पर प्रभाव उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी राज्यों में दिखना शुरू हो जाएगा।

उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। मैदानी भागों में 5 मार्च से बारिश और बढ़ने का अनुमान है।

पर्वतीय क्षेत्रों की बात करें तो फिलहाल जम्मू कश्मीर के पहलगाम और गुलमर्ग जैसे ऊँचे क्षेत्रों में ही हल्की बर्फ पड़ सकती है।

मैदानी राज्यों में इस समय दिन का तापमान सामान्य से 5 से 6°C ऊपर चल रहा है। जिसमें बारिश के चलते गिरावट दर्ज की जाएगी।

इधर छत्तीसगढ़ पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कमज़ोर हो गया है। इसके बीच से एक ट्रफ महराष्ट्र तक बनी हुई है। साथ ही यहां उत्तर-पश्चिमी हवाएं दक्षिण-पूर्वी हवाओं से मिल रही हैं। जिसके चलते यहां पर कोन्फ़्लुएन्स ज़ोन बना हुआ है।

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महराष्ट्र और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।

दक्षिणी प्रायद्वीपीय भागों में बादल छाए रहेंगे। लेकिन बारिश का दायरा केवल तटवर्ती भागों तक ही सीमित रहेगा।

उधर पूर्वोत्तर राज्यों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से एक-दो जगहों पर वर्षा हो सकती है।

 

Similar Articles