7 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार में बढ़ेगा पारा

March 6, 2018 5:01 PM|

 

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में लंबे समय बाद बारिश और बर्फबारी बंद हुई है क्योंकि यहाँ बना पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में निकल गया है। अनुमान है कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिम हवाएँ चलेंगी। इससे रात में हल्की ठंडक का आनंद आप ले सकेंगे लेकिन दिन में धूप खिली रहेगी जिससे दिन का तापमान ऊपर जाएगा।

[yuzo_related]

मध्य भारत में एक ट्रफ रेखा राजस्थान से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक विस्तृत है। इससे मध्य प्रदेश में आंशिक तौर पर बादल दिखेंगे और एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना सुनी जा सकती है। लेकिन यह बादल बारिश नहीं देने वाले। दूसरी ओर छत्तीसगढ़, विदर्भ और गुजरात में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। दिन काफी गर्म होगा।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों विशेषकर असम, अरुणाचल और नागालैंड में पिछले दिनों से जारी बारिश की गतिविधियों में व्यापक कमी आएगी। अरुणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। पूर्वी राज्यों के पास कोई मौसमी सिस्टम नहीं है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओड़ीशा और पश्चिम बंगाल में धूप अपना असर दिखाएगी और दिन के तापमान में वृद्धि होगी।

दक्षिण भारत के मौसम का हाल देखें तो यहाँ भी लगभग सभी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। यहाँ पश्चिमी तटों पर दक्षिणी गुजरात से केरल तक एक ट्रफ बनी हुई है लेकिन यह मौसम को प्रभावित नहीं करने वाली। इसलिए केरल, तमिलनाडू, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मौसम शुष्क और गर्म ही रहेगा।

गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।Rain in India

देश के प्रमुख शहरों के मौसम का हाल देखें तो राजधानी दिल्ली में सुबह और रात सुहावनी होंगी। दिन में भी शीतल हवाएँ चलेंगी लेकिन तेज़ धूप के साथ पारा ऊपर रहेगा। मुंबई में आसमान साफ होगा। दिन गर्म और उमसभरा होगा। चेन्नई में भी गर्मी के साथ उमस परेशान करेगी।

हैदराबाद में तेज़ धूप के साथ दिन बेहद गर्म होगा। तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर रिकॉर्ड किया जा सकता है।

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles