3 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी जबकि हरियाणा और पंजाब में हो सकती है वर्षा

March 2, 2018 4:05 PM|

 

देश के अधिकांश भागों में जहां पारा ऊपर जा रहा है वहीं उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में मौसमी हलचल जारी है। इस समय जम्मू कश्मीर के पूर्वी भागों पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अच्छी वर्षा और बर्फबारी जारी रहने की संभवना है।

[yuzo_related]

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती सिस्टम पंजाब और इससे सटे भागों के ऊपर है। इसके प्रभाव से पंजाब और हरियाणा के कुछ भागों में गरज के साथ बौछारें गिर सकती हैं। दिल्ली में भी आंशिक बादल छा सकते हैं। हालांकि यहाँ मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा।

मध्य भारत के मौसम की बात करें तो यहाँ दक्षिणी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में मध्यम या अधिक ऊंचाई वाले बादल दिखेंगे लेकिन इनसे बारिश की अपेक्षा आप नहीं कर सकते। गुजरात, विदर्भ और दक्षिणी मध्य प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान व्यापक रूप में सामान्य से ऊपर बना रहेगा और तेज़ गर्मी जारी रहेगी।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में इस समय मौसम कुछ क्षेत्रों में सक्रिय है। असम तथा अरुणाचल प्रदेश के ऊपर हवाओं में एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। अनुमान है कि इसके प्रभाव से उत्तरी असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।Rain in India

हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल में भी एक-दो स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों और पूर्वी राज्यों में लगभग सभी स्थानों पर शुष्क मौसम जारी रहेगा। आखिर में दक्षिण भारत के मौसम का हाल। यहाँ आंध्र प्रदेश से लेकर तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु तक सभी जगहों पर मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्के बादल देखे जा सकते हैं।

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles