24 मार्च मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पटना में शुष्क मौसम; कोलकाता में हो सकती है बारिश

March 23, 2018 6:52 PM|

 

पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी देने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब लगभग निष्प्रभावी हो गया है। इसके चलते अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर में मौसम शुष्क होगा। हालांकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक-दो जगहों पर कल भी हल्की बारिश के लिए मौसम अनुकूल दिखाई दे रहा है।

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में शनिवार को मौसम शांत रहेगा। धूप का असर बढ़ेगा और ठंडी हवाओं का प्रभाव कम होगा जिससे दिन और रात के तापमान में क्रमशः वृद्धि दर्ज की जाएगी। कह सकते हैं कि मार्च में अब तक गर्मी से जो राहत थी, आने वाले दिनों में वह खत्म होने वाली है.... तो तेज़ गर्मी के लिए अब तैयार रहिए।

[yuzo_related]

दिल्ली में खिली धूप और 33 डिग्री तापमान के बीच दिन हल्का गर्म होगा जबकि 17 डिग्री तापमान के साथ सुबह और रात में मौसम ठंडा रहेगा।

मध्य भारत में इस समय उत्तर-पश्चिमी शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ प्रभावी हैं। कल की अगर बात करें तो विदर्भ में कुछ स्थानों पर तापमान में व्यापक वृद्धि होगी और यह 40 डिग्री तक पहुँच सकता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात में पार धीरे-धीरे ऊपर चढ़ेगा। मुंबई में दिन गर्म होगा जबकि रात में मौसम सहज रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर मौसमी हलचल जारी रहेगी। यहाँ पश्चिम बंगाल से ओड़ीशा होते हुए दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके प्रभाव से तटीय ओड़ीशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में एक-दो जगहों पर गरज के साथ बारिश जारी रहेगी।

कोलकाता में भी अगले 24 घंटों के दौरान हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में इस समय बंगाल की खाड़ी से आर्द्र और नम हवाएँ पहुँच रही हैं। इसके चलते हमारा अनुमान है कि असम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर प्री-मॉनसून वर्षा जारी रहेगी। पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों में एक-दो जगहों पर बारिश की संभावना है।

गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।Rain in India

दक्षिणी राज्यों में कहीं मौसम सक्रिय है तो कहीं प्रचंड गर्मी शुरू हो गई है। यहाँ सक्रिय ट्रफ के चलते अगले 24 घंटों के दौरान केरल और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की जा सकती हैं। जबकि शेष दक्षिणी राज्यों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। तेलंगाना और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है जिससे दिन बेहद गर्म होगा। हैदराबाद में क्योंकि यहाँ शुष्क मौसम जारी रहेगा क्योंकि कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम दिखाई नहीं दे रहा।

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles