21 मार्च का मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर, हिमाचल में बढ़ेगी बारिश; हरियाणा, पंजाब, दिल्ली में भी होगी वर्षा

March 20, 2020 8:46 PM|

पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ते हुए जम्मू कश्मीर पर पहुँच गया है। साथ ही चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी पंजाब पर आ गया है। इन सिस्टमों के और पास आने के कारण जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश बढ़ जाएगी। इन भागों के अलावा लद्दाख में ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गर्जना से साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। यह गतिविधियां सुबह या शाम के समय होंगी। इसलिए दिन के तापमान में भारी गिरावट जैसी उम्मीद फिलहाल नहीं है। उत्तरी राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा।

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल से दक्षिण भारत तक बनी ट्रफ के कारण आर्द्रता बढ़ गई है। इसके चलते तटीय ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर मध्यम से तेज़ बारिश की आशंका है। ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी संभावना है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में भी आंशिक बादल आएंगे। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

पूर्वोत्तर राज्यों में असम और अरुणाचल में कुछ स्थानों पर जबकि सिक्किम और मेघालय में एक-दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा संभावित है। नागपुर, वर्धा समेत विदर्भ क्षेत्र पर मौसम साफ होने की संभावना है।

मुंबई, पुणे, नाशिक, सूरत, गांधीनगर, इंदौर, उज्जैन समेत शेष मध्य भारत के शहरों में मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर जबकि केरल और तेलंगना में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। शेष दक्षिणी राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

Similar Articles