20 मार्च का मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर सहित उत्तर के पहाड़ों पर बारिश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी वर्षा के आसार

March 19, 2020 6:49 PM|

उत्तर भारत में कुछ स्थानों पर बारिश के लिए मौसम अनुकूल बन रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर पहुँच गया है। इस सिस्टम के प्रभाव से एक चक्रवाती सिस्टम मध्य पाकिस्तान पर बना है। हालांकि यह दोनों सिस्टम बहुत प्रभावी नहीं है।

इसके बावजूद जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मैदानी क्षेत्रों में पंजाब और हरियाणा के उत्तरी जिलों में एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ बूँदाबाँदी या हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि 20 मार्च की रात को इन भागों में एक-दो स्थानों पर गर्जना के साथ बूँदाबाँदी हो सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

मध्य भारत में पहले की तरह कुछ स्थानों पर मौसम सक्रिय रहेगा। कई मौसमी सिस्टमों से मिल रहे सपोर्ट के चलते पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर जबकि विदर्भ में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों तथा गुजरात तथा दक्षिणी राजस्थान में मौसम शुष्क बना रहेगा। मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

पूर्वी भारत के भागों में आर्द्रता बढ़ रही है। जिससे मौसम बदलने वाला है। ओडिशा और झारखंड में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इन भागों में एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने या तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल में भी एक-दो स्थानों पर गर्जना के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

दक्षिण भारत में तेलंगाना से आंतरिक तमिलनाडु तक बनी ट्रफ के चलते उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और हैदराबाद समेत तेलंगना के कुछ हिस्सों में जबकि आंतरिक कर्नाटक और केरल में एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं।

चेन्नई समेत तमिलनाडु में मौसम शुष्क रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

author image