Skymet weather

7 जून के लिए मौसम पूर्वानुमान: राजस्थान में भीषण लू, दक्षिण भारत में होगी वर्षा

June 6, 2016 4:24 PM |

 

कर्नाटक के तटों के पास अरब सागर में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते पश्चिमी तटों पर मॉनसून जल्द दे सकता है दस्तक। इस समय के मौसमी परिदृश्य के अनुसार तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में बारिश की तीव्रता बढ़ रही है। अगले 3 दिनों तक मुंबई में भी हल्की बौछारें गिरने की संभावना है।

10 जून के बाद मुंबई में अच्छी वर्षा होगी और उसके एक हफ्ते के भीतर मुंबई में मॉनसून आने के आसार हैं। इस समय मॉनसूनी हवाएँ पश्चिमी घाट पर सक्रिय हैं लेकिन फिलहाल के लिए केरल में बारिश में कमी आ गई है।

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते आंध्र प्रदेश और ओड़ीशा के तटों पर बारिश बढ़ने की संभावना है। इस सिस्टम से निकल रही ट्रफ के चलते बिहार के तराई वाले भागों, हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर गरज के अच्छी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

इधर मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। यहाँ से एक ट्रफ कर्नाटक तक पहुँच रही है। बीते कुछ दिनों में महाराष्ट्र में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जिससे यहाँ तापमान में गिरावट आई है। अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य में बारिश जारी रहेगी।

इधर पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है और इससे एक ट्रफ उत्तर प्रदेश तक पहुँच रही है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कहीं-कहीं धूलभरी आँधी चलने की संभावना है। इन भागों में मंगलवार को तापमान 42 से 43°C के बीच रहेगा हालांकि 10 जून के बाद गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

दूसरी ओर राजस्थान के कई भागों और मध्य प्रदेश तथा गुजरात के कुछ हिस्सों में लू का प्रभाव रहेगा। इसमें राजस्थान के कई इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बीकानेर, चुरू, फलोदी और जोधपुर में पारा 45°C को भी पार कर रहा है।

 
 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try