26 जून का मौसम पूर्वानुमान: मुंबई पहुंचा मॉनसून, असम और मेघालय में बाढ़ वाली बारिश की आशंका

June 25, 2019 6:58 PM | Skymet Weather Team


मॉनसून लंबे इंतज़ार और 15 दिनों की देरी से आखिरकार मुंबई में 25 जून को दस्तक दे दी है। मुंबई में बारिश बढ़ने वाली है। गुजरात के भी कुछ हिस्सों में मॉनसून का आगमन हो गया है। मॉनसून की उत्तरी सीमा इस समय वेरावल, सूरत, इंदौर, मंडला, पेंडरा, सुल्तानपुर, लखीमपुर खेरी और मुक्तेश्वर पर है।

मुंबई पर घने बादल आ गए हैं। इसके चलते देश की आर्थिक राजधानी में बारिश बढ़ने की संभावना है। साथ ही गुजरात, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और इससे सटे मध्य प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। नागपुर और पुणे सहित मध्य महाराष्ट्र व विदर्भ में कुछ स्थानों पर वर्षा जारी रहेगी। दूसरी ओर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में थोड़े समय के लिए हल्की वर्षा हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी हल्की वर्षा के आसार हैं।

मॉनसून का सबसे व्यापक प्रदर्शन पूर्वोत्तर भारत के राज्यों पर दिखेगा। यहाँ असम पर बने चक्रवाती क्षेत्र के कारण असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश के कुछ भागों और त्रिपुरा में मूसलाधार वर्षा होने की आशंका है। इन राज्यों में खासकर असम के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं।

पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

दूसरी ओर पूर्वी भारत में मॉनसून में कुछ सुस्ती आ जाएगी। जिससे बिहार और ओड़ीशा में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश से ही संतोष करना होगा। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में शुष्क मौसम के साथ गर्मी परेशान करेगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

दक्षिण भारत में भी मॉनसून कमजोर पड़ रहा है। हालांकि पश्चिमी तटों पर महाराष्ट्र से कर्नाटक तक बने ट्रफ के कारण तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के भी आसार हैं। दूसरी ओर बंगलुरु सहित कर्नाटक के भीतरी शहरों, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की वर्षा का अनुमान है। हैदराबाद सहित तेलंगाना और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में मॉनसून सक्रिय रहेगा और यहाँ भारी मॉनसून बौछारें जारी रहेंगी।

उत्तर भारत के लिए मौसम के संदर्भ में अच्छी खबर नहीं है। क्योंकि दो दिनों की हलचल के बाद फिर से गर्मी और शुष्क मौसम का लोगों को सामना करना होगा। उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाएँ चलेंगी। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। दिन के तापमान में वृद्धि होगी। दूसरी पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में एक-दो जगहों पर धूलभरी आँधी चलने और गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है।
कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में एक-दो जगहों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES