25 जून का मौसम पूर्वानुमान: मुंबई में जल्द गिरेंगी मॉनसूनी बौछारें, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में आँधी बारिश के आसार

June 24, 2019 7:20 PM | Skymet Weather Team

मॉनसून पिछले 6 दिनों से लगातार आगे बढ़ रहा है। 24 जून को मॉनसून महाराष्ट्र के काफी हिस्सों को पार कर गया और मध्य प्रदेश तथा उत्तराखंड में इसने दस्तक दे दी।

मॉनसून की उत्तरी सीमा 24 जून को मुंबई के करीब अलीबाग, मालेगाँव, खंडवा, छिंदवाड़ा, मांडला, पेंडरा, सुल्तानपुर, लखीमपुर खेरी और मुक्तेश्वर तक पहुँच गई थी।

इस बीच मध्य भारत पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मॉनसून को सक्रिय रखेगा। इससे पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई सहित पश्चिमी तटों पर भी अच्छी वर्षा देखने को मिलेगी। साथ ही मुंबई में मॉनसून का आगमन भी हो सकता है।

गुजरात में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि विदर्भ, मराठवाड़ा, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों पर भी बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाओं का प्रवाह जारी रहेगा। मॉनसून समूचे पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय होगा। असम और मेघालय में मूसलाधार वर्षा के आसार हैं। इन राज्यों में बाढ़ की भी आशंका है। हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

उत्तरी बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं जबकि पूर्वी भारत के बाकी भागों यानि दक्षिणी बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओड़ीशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश में कमी आएगी।

दक्षिण भारत में जैसा अनुमान था मॉनसून पश्चिमी तटों पर सक्रिय बना रहेगा। अनुमान है कि तटीय कर्नाटक और उत्तरी केरल में मूसलाधार वर्षा होगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

दूसरी ओर उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की वर्षा के आसार हैं जबकि तेलंगाना में एक-दो जगहों पर वर्षा देखने को मिलेगी। अंडमान व निकोबार में मध्यम से भारी मॉनसूनी बौछारें गिर सकती हैं।

उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ पहुंचा है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और हरियाणा पर है।

इन सिस्टमों के कारण जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में मुक्तेश्वर तक मॉनसून पहुँच गया है। इससे राज्य के कुछ भागों में भारी बारिश भी हो सकती है।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में 25 जून को भी मौसम में कुछ हलचल की उम्मीद है। इन भागों में आँधी और गर्जना के साथ थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है।

इससे उम्मीद है कि दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होगी। लेकिन उमस परेशान कर सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES