24 जून का मौसम पूर्वानुमान: मुंबई में जल्द आएगा मॉनसून, पुणे, अहमदाबाद, इंदौर में भी भारी बारिश

June 23, 2019 9:10 PM | Skymet Weather Team

शुरुआत मध्य भारत से क्योंकि मध्य भारत के भागों में मॉनसून आगे बढ़ा है। 23 जून को मॉनसून नागपुर सहित महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में पहुँच गया और छत्तीसगढ़ तथा झारखंड को पार करते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ और आगे बढ़ा।

इस बीच मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। साथ ही एक ट्रफ तेलंगाना तक बनी हुई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से दक्षिण पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तर पूर्वी गुजरात और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि मुंबई सहित महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, गोवा और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 

पूर्वी भारत के भागों में गर्म हवाएं पश्चिमी दिशा से आ रही हैं और आर्द्र हवाएं बंगाल की खाड़ी से आ रही हैं। इन हवाओं के आपस में मिलने की वजह से मॉनसून में हलचल रहेगी। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओड़ीशा और पश्चिम बंगाल में आंशिक बादल छाएंगे और कहीं-कहीं हल्की वर्षा होगी।

जबकि हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ मॉनसून वर्षा की संभावना है। 
पश्चिमी तटों पर मॉनसून सीजन में आमतौर पर एक ट्रफ निरंतर प्रभावी रहती है। इसी कारण गोवा से लेकर तटीय कर्नाटक और केरल के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश होती रहती है। इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें गिर सकती हैं। जबकि तमिलनाडु में बारिश की उम्मीद कम है। दूसरी ओर अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में मध्यम से भारी तथा लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं।
आखिर में बात उत्तर भारत की...

जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। यह दोनों सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेंगे और इसके चलते जम्मू कश्मीर तथा उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश कई जगहों पर हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने या गरज के साथ हल्की बौछारें गिरने की संभावना है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES