18 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान: केरल में भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में जारी रहेगी मॉनसून वर्षा

July 17, 2019 7:41 PM|

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पंजाब और हरियाणा के सभी भागों को पार कर गया। पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ आगे बढ़ा है। मॉनसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर, चुरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर पर पहुँच गई है।

18 जुलाई को बारिश का hotspot होगा केरल, जहां लंबे समय बाद भारी मॉनसून वर्षा के आसार बने हैं। दक्षिणी कोंकण से केरल तक ट्रफ प्रभावी हो गई है।

अनुमान है कि अगले 3-4 दिनों तक केरल के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होगी। दक्षिणी तटीय कर्नाटक में भी भारी बारिश के आसार हैं।

इडुक्की, वायनाड़, कोझिकोड़, मंगलुरु और आसपास के जिलों में वर्षा भीषण रहेगी। इन भागों में बाढ़ जैसी स्थितियाँ बन सकती हैं।

उत्तरी तटीय कर्नाटक में मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि बंगलुरु सहित दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और इससे सटे तमिलनाडु के नीलगिरी रेंज में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आंध्र प्रदेश के तटों के पास बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती क्षेत्र बना है, जो तेलंगाना और उत्तरी आंध्र प्रदेश में अच्छी बारिश दे सकता है।

चेन्नई सहित तमिलनाडु और रायलसीमा में भी हल्की वर्षा के आसार हैं। ओड़ीशा में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

भीषण बारिश के कारण बाढ़ का संकट झेल रहे उत्तरी बिहार में बारिश कम हो गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल में भी बारिश में कमी आई है जिससे बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिलेगा। पूर्वी बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ भागों में हल्की बारिश हो सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

नागालैंड, असम, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं। जबकि मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की वर्षा होगी।

उत्तर भारत में कई मौसमी सिस्टम बने हुए हैं। नमी भी आ रही है मॉनसून सक्रिय है। उम्मीद है कि राजधानी दिल्ली सहित हरियाणा, उत्तरी पंजाब, दक्षिणी हिमाचल और दक्षिणी उत्तराखंड में कुछ समय के लिए अच्छी बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और जम्मू कश्मीर में हल्की वर्षा का अनुमान है।

उत्तरी राजस्थान में आखिरकार मॉनसूनी हवाएँ चलेंगी। सूरतगढ़, हनुमानगढ़, भरतपुर, चुरू, श्रीगंगानगर में मॉनसूनी बौछारें गिर सकती हैं। लेकिन जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमर जैसे पश्चिमी राजस्थान में प्रचंड गर्मी और शुष्क मौसम जारी रहेगा।

मध्य भारत में गुजरात और मध्य प्रदेश के लगभग सभी भागों में मौसम शुष्क बना होगा।

रत्नागिरी, महाबलेश्वर और पुणे सहित दक्षिणी कोंकण गोवा, और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र तथा दक्षिणी छत्तीसगढ़ के शहरों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

Similar Articles