10 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय में भारी बारिश, कुछ हिस्सों में बाढ़ की आशंका

July 9, 2019 7:05 PM | Skymet Weather Team


साल 2019 में मॉनसून की कमजोर शुरुआत और धीमी प्रगति के बावजूद अब उम्मीद है कि समूचे देश को कवर करने की 15 जुलाई की समय सीमा में मॉनसून सभी क्षेत्र में पहुंच जाएगा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ ही हिस्सों में मॉनसून के आगमन का इंतजार है।

बात 10 जुलाई के मौसम पूर्वानुमान की करें तो पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मॉनसून जमकर बरसेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने निम्न दबाव तथा पूर्वोत्तर भारत तक बनी ट्रफ के प्रभाव से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में कई जगहों पर भीषण बारिश हो सकती है। कुछ हिस्सों खासकर इन राज्यों के तराई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि ओड़ीशा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं।

उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मॉनसून उग्र रूप ले सकता है। इन भागों में अलग-अलग मौसमी सिस्टमों का सपोर्ट मौसम को मिल रहा है। जिससे मूसलाधार बारिश के आसार हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। जबकि हरियाणा पंजाब के दक्षिणी भागों, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

मध्य भारत में गोवा क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा पहले की तरह ही जारी रहेगी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी एक दो बार भारी बारिश का झोंका आ सकता है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। लेकिन मध्य भारत के बाकी भागों, जिसमें पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के शेष भागों, गुजरात के शेष हिस्सों में हल्की वर्षा की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र में शुष्क मौसम अभी भी जारी रहेगा।

दक्षिण भारत की बात करें तो तटीय कर्नाटक में पहले की तरह ही हल्की से मध्यम बारिश होगी। कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। लेकिन कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में हल्की बारिश होगी जबकि तमिलनाडु में अधिकांश शहरों में मौसम सूखा रहेगा। हालांकि एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

OTHER LATEST STORIES