8 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार, दिल्ली में बढ़ेगी सर्दी

January 7, 2016 6:07 PM | Skymet Weather Team


 

बीते कई दिनों से गायब सर्दी की झलक दिल्ली और आसपास के भागों में गुरूवार को दिखाई दी। बादल छाए रहने से दिल्ली और आसपास के राज्यों में दिन का तापमान नीचे आया है।

एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय जम्मू कश्मीर के पास से गुजर रहा है। जिसके चलते जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय भागों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तराखण्ड में हल्की बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब निकल गया है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के भागों में सामान्य से अधिक चल रहे तापमान में व्यापाक कमी आएगी। तापमान में 12 जनवरी से फिर से बढ़ोत्तरी हो सकती है क्योंकि उस दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते अरूणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में हल्की बारिश होने की संभावना है। शनिवार से बारिश का दायरा बढ़ सकता है।

यहां बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत के भागों में कोई बदलाव नहीं होगा। इन भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

इधर प्रायद्वीपीय भारत में कोई विशेष मौसमी हलचल नहीं देखी जा रही है। हालांकि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी छोर पर एक ट्रफ बनी हुई है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु के दक्षिणी तटीय भागों में बादल छाए रहने की संभावना है।

प्रायद्वीपीय भारत में कोई विशेष मौसमी गतिविधि नहीं होने का परिणाम दिन और रात के तापमान बढ़ोत्तरी के रूप में देखा जा रहा है। यहां पारा सामान्य से अधिक बना रहेगा।

केरल में इस समय काफी अधिक गर्मी पड़ रही है। राज्य में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। तटीय क्षेत्र होने के चलते आर्द्रता का स्तर बढ़ेगा जिससे दोपहर में मौसम काफी परेशान कर सकता है।

 

OTHER LATEST STORIES