28 जनवरी का मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ में ठंड बढ्ने की उम्मीद; हिमालय पर हल्की बारिश, बर्फबारी

January 27, 2019 7:33 PM|

एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी जम्मू कश्मीर के आसपास बना हुआ है जिसके कारण जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम जारी रहेगा हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल छा सकते हैं। इस बीच ठंडी और शुष्क हवा के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तापमान गिरेंगे जिससे सुबह के समय कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तरी मध्य प्रदेश में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बिहार और झारखंड पर बनी ट्रफ के चलते पूर्वी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है। इस बीच दक्षिणी असम पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है जिसके कारण पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी भागों पर बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है।

मध्य भारत में ठंडी और शुष्क उत्तर पश्चिमी हवाएँ विदर्भ और मध्य प्रदेश पर चल रही हैं जिनके कारण यहाँ सुबह और रात के समय ठंड का ज़ोर ज्यादा रहेगा। इस बीच एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र छतीसगढ़ और उसके आसपास बना हुआ है। साथ ही एक ट्रफ रेखा बिहार से कर्नाटक की ओर जा रही है। इस प्रणाली के चलते दक्षिणी छत्तीसगढ़ और ओड़ीशा पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इन्हीं सिस्टमों के चलते तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी वर्षा होने के आसार हैं।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

इसके अलावा पूर्वी अरब सागर पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के प्रभाव से कर्नाटक और केरल में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। एक ट्रफ रेखा बंगाल की खाड़ी से तटीय तमिलनाडु की ओर जा रही है जिसके कारण तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

Similar Articles