28 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, दिल्ली में मौसम साफ पर होगी कोहरे की वापसी

January 27, 2017 7:50 PM|

 

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में रिकॉर्ड बर्फबारी देने वाला सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ अब आगे निकल गया है। इसके पूर्वी दिशा में निकल जाने से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से बहुप्रतीक्षित राहत मिलेगी। हालांकि इसके प्रभाव से कश्मीर के पहाड़ों पर एक-दो जगह हल्की वर्षा या हिमपात शनिवार को भी देखने को मिल सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ के साथ मैदानी भागों पर बना सिस्टम भी पूर्वी दिशा में आगे निकला है जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 जनवरी की अच्छी बारिश के बाद मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा। साथ ही इन भागों में कोहरे के साथ सर्द सुबह की वापसी हो सकती है। दिल्ली सहित इन राज्यों में हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है।

बिहार के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों और उससे सटे बांग्लादेश पर एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है जिसके प्रभाव से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा हो सकती है।

इधर मध्य भारत पर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन है जिसके प्रभाव से मध्य भारत में मौसम साफ़ और शुष्क बना रहेगा।

दक्षिण में तटीय प्रायद्वीपीय भारत के पास बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते दक्षिणी तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहेगी। शेष भागों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles