13 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर में बर्फबारी, उत्तर-पश्चिम में और गिरेगा पारा

January 12, 2017 4:41 PM|

 

एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब पहुँचने को है। इस सिस्टम के प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम भारत में अधिकांश जगहों पर शीतलहर का प्रकोप शुक्रवार को भी बना रहेगा। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ तथा महाराष्ट्र में भी शीतलहर चलने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिमी सर्द और शुष्क हवाओं के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहेगा।

इस बीच ओड़ीशा से आंध्र प्रदेश तक बनी ट्रफ रेखा के प्रभाव से ओड़ीशा के दक्षिणी और तटीय हिस्सों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

इधर दक्षिण में उत्तरी अंडमान सागर पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम के चलते अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह के हिस्सों में गरज के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी।

देश के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। लगभग सभी भागों में कोहरे में भी कमी बनी रहेगी।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles