21 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर भारत में मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में कमी के आसार

February 20, 2016 5:00 PM | Skymet Weather Team

 

उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ और इसके प्रभाव से मैदानी भागों में बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब आगे निकल गए हैं। इन मौसमी सिस्टमों के चलते उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी राज्यों में रविवार को मौसम साफ और शुष्क रहेगा। साथ ही मैदानी भागों में उत्तर-पश्चिम से सर्द और शुष्क हवाओं का प्रवाह बढ़ जाएगा। हवाओं में बदलाव के चलते उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के आसार हैं।

इन मौसमी सिस्टमों के पूर्ववर्ती होने के कारण मेघालय पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और सशक्त हो जाएगा। पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

ओडिशा पर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से ओडिशा, तेलंगाना और विदर्भ में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री अधिक बना रहेगा।

दक्षिण भारत के मौसम का जि़क्र करें तो अरब सागर में बनी ट्रफ अब कमज़ोर हो गई है। लेकिन यह रविवार को भी केरल तथा तमिलनाड़ु के तटीय भागों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश दे सकती है।

दिल्ली में सुबह 14 डिग्री और दिन में 26 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जाएगा।

पटना में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस होगा तापमान।

मुंबई में 33 डिग्री के साथ दिन गर्म होगा। सुबह का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

चेन्नई में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है।

 

OTHER LATEST STORIES