उत्तर भारत के मैदानी भागों में सर्दी कम होगी। जबकि पहाड़ों पर फिर से हिमपात के आसार। एक नज़र देश भर के मौसम पर.
पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी।
इधर मैदानी भागों में भी मौसम बदला है। यहां बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से चलते पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में बारिश हो सकती है। दिल्ली में आंशिक बादल छाने के आसार हैं।
झारखण्ड और उससे सटे ओडिशा पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के उत्तर से उत्तरी ओडिशा तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश में धीरे-धीरे कमी आएगी। हालांकि यहां बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते ऊपरी राज्यों में हल्की वर्षा जारी रहेगी।
मध्य और पश्चिमी भागों में कोई सक्रिय मौसमी हलचल नहीं है जिसके चलते छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में शुष्क और गर्म मौसम जारी रहेगा।
कोमोरिन के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। इससे एक ट्रफ रेखा दक्षिणी कर्नाटक तक पहुंच रही है। केरल और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जिससे खाड़ी के द्वीपीय भागों में अच्छी बारिश होगी। यह सिस्टम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है जिससे यह फिलहाल समुद्री भागों में ही बारिश देगा। अनुमान है कि 14 फरवरी को यह तटों के करीब आएगा और तमिलनाडु के तटीय भागों तथा श्रीलंका में अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी।
दिल्ली में सुबह का तापमान बढ़ेगा और यह 11°C दर्ज किया जाएगा।
लखनऊ और पटना में दिन का तापमान 27°C रहेगा।
हैदराबाद में पारा और बढ़ने से गर्मी अधिक होगी। जबकि बंगलूरू और चेन्नई में 31°C तापमान के बीच दिन में मौसम सहज रहेगा।