5 फरवरी का मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर, हिमाचल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओड़ीशा में बारिश के आसार

February 4, 2020 5:34 PM | Skymet Weather Team

पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में आगे जा रहा है। हालांकि इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर 5 फरवरी की सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। जबकि उत्तराखंड में भी एक-दो जगहों पर इसी दौरान गतिविधियां बनी रहेंगी।

पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से पहले एक बार फिर से 5 फरवरी की दोपहर से उत्तर-पश्चिमी हवाएँ तेज़ हो जाएंगी। उससे पहले 5 फरवरी की सुबह तक तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है। इससे पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज़ सर्दी से राहत मिल सकती है। साथ ही अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, करनाल, मेरठ, सहारनपुर, बरेली समेत तराई क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।

मध्य भारत के मौसम का हाल देखें तो एक ट्रफ झारखंड से विदर्भ तक बनी हुई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाएँ चल रही हैं। हमारा अनुमान है कि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर जबकि विदर्भ में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ वर्षा हो सकती है। इन भागों में ओले भी गिर सकते हैं।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तरी कोंकण गोवा व उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में दिन और रात के तापमान में दो-तीन डिग्री की कमी आ सकती है। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मौसमी हलचल बढ़ रही है। अनुमान है कि ओडिशा के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश जबकि झारखंड के दक्षिणी शहरों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल में बादल बढ़ जाएंगे लेकिन बारिश के लिए थोड़ा इंतज़ार करना होगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क रहेगा।

पूर्वी असम पर बने सर्कुलेशन के चलते पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। दक्षिणी राज्यों पर भी कुछ इलाकों में बदलेगा मौसम का मिजाज़। बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाएँ आने के चलते उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चेन्नई सहित तटीय तमिलनाडु में बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

आंतरिक कर्नाटक से मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ बना हुआ है। हालांकि इसका कोई विशेष असर नहीं दिखेगा। केरल में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। तेलंगाना और कर्नाटक में मौसम शुष्क बना रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

OTHER LATEST STORIES