28 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: बिहार, झारखंड, ओड़ीशा में गर्म व शुष्क मौसम, कश्मीर व हिमाचल में बर्फबारी

February 27, 2018 6:46 PM|

 

अब समय आ गया है कि देश के अधिकांश भागों में तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिलेगी और मौसम शुष्क तथा गर्म होता जाएगा। ऐसे में कहीं थोड़ी सी बारिश भी बड़ी राहत होती है। इस बीच उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल रहा है, इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा या बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।

इधर उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे भागों के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ दिखाई दे रहा है। यह 1 मार्च से कश्मीर को प्रभावित करेगा। अनुमान है कि पहाड़ों पर होली का उत्सव बारिश और बर्फबारी के बीच ही होगा।

[yuzo_related]

उत्तर-पश्चिम भारत में शुष्क और गर्म बना रहेगा मौसम। इसके चलते दिन और रात के तापमान में वृद्धि हो सकती है। राजधानी दिल्ली में दिन में हल्के बादल दिख सकते हैं लेकिन मौसम गर्म बना रहेगा।

दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र हवाओं में विकसित हुआ है। इसके प्रभाव से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक गर्म हवाएँ चलेंगी और पारा सामान्य से ऊपर बना रहेगा।

गुजरात में भी कई जगहों पर तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया जाएगा। अहमदाबाद में मौसम बेहद गर्म और शुष्क होगा।

देश की आर्थिक राजधानी में अभी से चिलचिलाती गर्मी शुरू हो गई है। सेंसेक्स बढ़े ना बढ़े तापमान ज़रूर बढ़ेगा।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी गर्मी बढ़ गई है। बिहार, झारखंड, ओड़ीशा और पश्चिम बंगाल में दिन के तापमान में और वृद्धि होने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में हो रही बारिश में कमी आएगी और यह अरुणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों तक सीमित रहेगी। कोलकाता में आसमान साफ और मौसम गर्म तथा उमसभरा होगा।

गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।Rain in India

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम से दक्षिणी श्रीलंका तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इससे दक्षिणी तमिलनाडु में बादल पहुंचेंगे लेकिन बारिश के आसार कम हैं। केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी मौसम शुष्क ही होगा।

बंगलुरु में रात आराम दिलाएगी लेकिन दिन में शुष्क और गर्म मौसम होगा। हैदराबाद में अनुमान है कि धूप खिली रहेगी और दिन गर्म बना रहेगा।

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles