1 दिसंबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: सर्दियों की बारिश मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर होने की उम्मीद

November 30, 2015 7:40 PM | Skymet Weather Team

 

चेन्नई सहित तमिलनाड़ु के तटीय भागों और दक्षिणी तटवर्ती आंध्र प्रदेश के करीब भारी बारिश का एक दौर फिर से शुरू हो सकता है। पुद्दुचेरी, ओंगोल और आसपास के भागों में भारी वर्षा होने की संभावना है। कराईकल और पंबन में भी अच्छी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

यहां पूर्वी तटों पर दक्षिण से उत्तर तक एक ट्रफ रेखा बन रही है। इसके पास में ही एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जो संभावना है कि जल्द ही इसमें मिल जाएगा। मौसमी परिदृश्य यह संकेत कर रहा है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान एक निम्न दबाव का क्षेत्र यहां विकसित हो सकता है। जिसके चलते उत्तर-पूर्वी मॉनसून दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश भागों में अगले कुछ दिनों तक बारिश देता रहेगा।

मध्य भारत में भी मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य में शीट ऋतु की पहली बारिश हो सकती है। धीरे-धीरे यह पूर्वी दिशा में बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के भागों में कुछ स्थानों पर बारिश देगा।

उत्तर भारत के सभी भागों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इन भागों में उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तथा आसपास के भागों में आसमान साफ बना रहेगा। इन भागों के अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी हो सकती है। जबकि सामान्य से अधिक चल रहा न्युनतम तापमान कम होकर सामान्य के आसपास आ जाएगा जिससे दिल्ली और आसपास के भागों में लोगों को अपेक्षित सर्दी महसूस होगी।

 

 

OTHER LATEST STORIES