28 दिसम्बर के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर प्रदेश, बिहार में जारी रहेगा घना कोहरा, तमिलनाडु में होगी वर्षा

December 27, 2016 5:05 PM|

 

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में ट्रफ के रूप में एक निम्न दबाव बना हुआ है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। चेन्नई में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

केरल के दक्षिणी भागों में कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें गिरने के आसार हैं। शेष दक्षिणी राज्यों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

तमिलनाडु में बारिश की गतिविधियों के बीच रात के तापमान में हल्की वृद्धि जबकि दिन के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।

इसके अलावा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और महाराष्ट्र सहित मध्य भारत के भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम की कुछ सक्रियता देखने को मिल रही है। बुधवार को भी अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी असम और नागालैंड में एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

उत्तर में एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास पहुँच गया है। इस चलते जम्मू कश्मीर के ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

इधर मैदानी राज्यों में मध्यम उत्तर-पश्चिमी हवाएँ जारी रहेंगी जिससे दिल्ली सहित मैदानी राज्यों में आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा।

कोहरे का इन भागों में असर कम रहेगा। हालांकि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है।

लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा जारी रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles