12 दिसंबर का मौसम पूर्वानुमान: जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी

December 11, 2018 5:58 PM|

उत्तर भारत में, पश्चिमी विक्षोभ अभी भी जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। यह सिस्टम सक्रिय है जिसके कारण, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

वही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय उत्तरी राजस्थान और इससे सटे पंजाब पर पहुँच गया है जिससे राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसी बीच दिल्ली में भी एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या बूँदाबाँदी होने की संभावना है। लेकिन ये बारिश प्रदूषण से राहत नहीं दिला पाएगी। दूसरी ओर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम जारी रहेगा। मौसम में इस बदलाव के बीच उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में रात का तापमान कुछ ऊपर जा सकता है।

मध्य भारत में बारिश दे रही ट्रफ रेखा उत्तर में झारखंड से दक्षिण में कर्नाटक तक बनी हुई है जिसके कारण विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के दौरान भी हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बाकी इलाकों और गुजरात में शुष्क मौसम रहेगा।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में झारखंड, अरुणाचल प्रदेश और असम में 1-2 स्थानों पर हल्की बारिश होने की उम्मीद है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों में मौसम शुष्क ही रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो यहाँ तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा। जबकि केरल और तेलंगाना में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और प्रभावी होकर गहरे निम्न दबाव में तब्दील हो जाएगा जिसके कारण अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह पर अच्छी वर्षा होगी। यह सिस्टम पश्चिमी दिशा में बढ़ रहा है। अनुमान है कि दो-तीन दिनों के बाद तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंचेगा जिससे इन भागों में 14-15 दिसम्बर को अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

Similar Articles