6 अगस्त के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली में मॉनसून वर्षा

August 5, 2017 7:15 PM|

 

जम्मू कश्मीर पर बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल रहा है। हालांकि इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश रविवार को भी हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ और तराई क्षेत्रों में बनी मॉनसून ट्रफ के प्रभाव से उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

इधर पंजाब के तराई क्षेत्रों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। पश्चिमी हरियाणा और दिल्ली में एक-दो स्थानों पर बारिश का अनुमान है जबकि पंजाब और हरियाणा के शेष भागों के साथ-साथ समूचे राजस्थान में मौसम शुष्क बना रहेगा।

बिहार और इससे सटे झारखंड पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मॉनसून ट्रफ का पूर्वी सिरा दो हिस्सों में बंट गया और एक सिरा असम तक जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओड़ीशा तक है। इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में मणिपुर, मिज़ोरम, नागालैंड और इससे सटे पूर्वी असम में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं। शेष पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की वर्षा देखने को मिलेगी।

[yuzo_related]

मध्य भारत में मौसमी हलचल बढ़ने वाली है। पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में कल कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ में हल्की बारिश का अनुमान है।

इस बीच गुजरात और इससे सटे पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है। हालांकि यह जल्द मौसम को प्रभावित नहीं करेगा। लेकिन गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

Live status of Lightning and thunderGujarat

पश्चिमी तटों पर बनी ट्रफ भी कर्नाटक से केरल तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। मुंबई सहित कोंकण-गोवा क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। रायलसीमा और दक्षिणी तमिलनाडु में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles