30 अप्रैल का मौसम पूर्वानुमान: भयंकर तूफान फ़ानी तमिलनाडु के तटों के और करीब आएगा, शुरू होगी बारिश

April 29, 2019 7:58 PM|

चक्रवाती तूफान फ़ानी भयंकर तूफान बन गया है और पश्चिमी तथा उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय भागों में समुद्र में हलचल काफी बढ़ जाएगी। तूफान फ़ानी का भारत के कुछ हिस्सों पर 30 अप्रैल से असर देखने को मिलेगा।

उम्मीद है कि तमिलनाडु के तटीय भागों और केरल में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ बारिश देखने को मिलेगी। बंगलुरु सहित कर्नाटक के भी कुछ शहरों में बारिश होने की संभावना है।

दूसरी ओर तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में मौसम शुष्क और बेहद गर्म बना रहेगा। इन्हीं भागों से सटे मध्य भारत के राज्यों में मध्यम गति से हवाएँ चलती रहेंगी। इन गर्म हवाओं और सामान्य से अधिक तापमान के कारण विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश और गुजरात में अधिकांश शहरों लू का प्रकोप रहेगा। मध्य भारत में भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

इस बीच पूर्वोत्तर भारत में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों के दौरान भी बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाएँ पूर्वोत्तर राज्यों में पहुँचेंगी। इससे पूर्वोत्तर भारत के राज्यों, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में बादलों की गर्जना के साथ बारिश जारी रहेगी।

लेकिन सूर्य देव को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार उयर झारखंड के लोगों पर आज भी तरस नहीं आएगा। इन राज्यों में चिलचिलाती धूप के कारण लू का प्रकोप प्रचंड रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India 

इधर एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के और पास पहुँच गया है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, उत्तरी पंजाब और हरियाणा में भी एक-दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। लेकिन दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

Similar Articles