Skymet weather

28 अप्रैल मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, बंगलुरु, पंजाब में बारिश की संभावना; विदर्भ में लू का शिकंजा

April 27, 2018 6:53 PM |


 

एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर को प्रभावित कर रहा है और इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय उत्तरी राजस्थान और आसपास के भागों पर है। कल की तरह ही इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा गंगा के मैदानी क्षेत्रों से होते हुए पूर्वी राज्यों तक बनी हुई है। इन सभी मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 1-2 स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

मैदानी भागों में कल अधिक प्री-मॉनसून हलचल की अपेक्षा की जा रही है। अनुमान है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलेगी। कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ हल्की वर्षा दर्ज की जाएगी।

[yuzo_related]

उधर पूर्वी भारत में पूर्वी उत्तर प्रदेश से एक ट्रफ रेखा देश के दक्षिणी राज्यों तक बनी हुई है। यह प्री-मॉनसूनी मौसमी सिस्टम हैं और इनके चलते कल पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के तराई क्षेत्रों, गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ बादलों की भीषण गर्जना होने और तूफानी हवाएं चलाने की भी संभावना है। झारखंड में कुछ स्थानों पर गर्जना, वर्षा और आंधी तूफान का सामना लोगों को करना पड़ सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त मात्रा में नम हवाएं लगातार बनी हुई हैं जिससे समूचे पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

मध्य भारत के भागों में इस समय वातावरण में नमी बेहद कम है, क्योंकि यहां लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है और गर्म तथा शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। कल विदर्भ में लू का प्रकोप बना रहेगा। इसके अलावा महाराष्ट्र के शेष भागों, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ में भी मौसम काफी गर्म बना रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

दक्षिण भारत के राज्यों का मौसम देखें तो केरल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश शनिवार को दर्ज की जा सकती है। जबकि तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस बीच एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अंडमान सागर के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों पर विकसित हुआ है इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try