25 अप्रैल के लिए मौसम पूर्वानुमान: पूर्वी भारत में भीषण लू का प्रकोप रहेगा जारी

April 24, 2016 5:16 PM | Skymet Weather Team

 

उत्तर पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर से आगे निकल गया है। हालांकि सोमवार को राज्य के कुछ भागों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और छिटपुट वर्षा हो सकती है। हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखण्ड सहित उत्तर भारत के शेष सभी राज्यों में आकाश साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। इन भागों में नीचे आए तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा और यह सामान्य के आसपास बने रहेंगे।

पूर्वोत्तर राज्यों का रूख करें तो यहां बंग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के भागों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वोत्तर राज्यों में आधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। अरूणाचल प्रदेश और असम में कुछ स्थानों पर जबकि मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।

मध्य भारत में किसी विशेष मौसमी हलचल के आसार नहीं हैं।

दक्षिणी छत्तीसगढ़ से तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर से तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके प्रभाव से केरल में कुछ स्थानों पर जबकि दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाड़ु में एक-दो जगह हल्की से मध्मय बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत के भागों में तापमान में कमी से लू से राहत बनी रहेगी। जबकि पूर्व में पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा और झारखण्ड भीषण लू की चपेट में बने रहेंगे। छत्तीसगढ़, तेलंगाना और रायलसीमा में भी कुछ स्थानों पर लू जारी रहने की संभावना है।

इधर पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में पारा सामान्य से ऊपर चल रहा है लेकिन लू जैसी संभावना यहां पर फिलहाल नहीं है।

 

OTHER LATEST STORIES