22 अप्रैल के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली में मेघगर्जना, पूर्वी व मध्य भारत में लू के आसार

April 21, 2016 3:40 PM|

 

उत्तर भारत को जल्द ही एक नया पश्चिम विक्षोभ प्रभावित करने वाला है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के भागों पर दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर है।

पूर्वी दिशा में बढ़ रहे इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। उत्तराखण्ड में भी एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।

इधर मैदानी राज्यों पंजाब और हरियाणा में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में धूल भरी आँधी चल सकती है और कहीं-कहीं बादलों की गर्जना भी हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों का रूख करें तो यहां असम और मेघालय पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र काफी सशक्त है। इसके प्रभाव से सिक्किम और हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल सहित पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी वाले भागों से ओडिशा होते हुए उत्तरी तटवर्ती आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। यह अधिक प्रभावशाली नहीं है हालांकि इस ट्रफ के आसपास एक-दो जगह हल्की बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

दक्षिणी में उत्तरी-आंतरिक कर्नाटक पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से कोमोरिन तक बनी ट्रफ का मौसम पर हल्का असर बना रहेगा। इसके चलते दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक, केरल और आंतरिक तमिलनाड़ु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्मय बारिश हो सकती है।

यह तो हुई बारिश की बात। लेकिन देश के पूर्वी और मध्य भागों में गर्मी में कमी के संकेत नहीं है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और रायलसीमा में तेज़ लू का प्रकोप शुक्रवार को भी बना रहेगा।

 

Similar Articles