10 अप्रैल का मौसम पूर्वानुमान: बिहार, पश्चिमी बंगाल सहित पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, उत्तर में आँधी के आसार

April 9, 2019 8:33 PM|

इस समय देश के अधिकांश भागों में लू से राहत बनी हुई है और कई जगहों पर प्री-मॉनसून हलचलें देखने को मिल रही हैं। मौसम सबसे अधिक सक्रिय पूर्वी भारत में बना हुआ है। कल बिहार में सबसे ज़्यादा बारिश दर्ज की गई।

आज भी बिहार से पश्चिम बंगाल होते हुए मणिपुर तक एक ट्रफ बनी हुई है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से आर्द्रता लगातार बनी हुई है। साथ ही पश्चिमी दिशा से भी आर्द्रता पहुँच रही है। हालांकि आज बिहार में भारी बारिश की संभावना कम है। बिहार के पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है। झारखंड में एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं। जबकि ओड़ीशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बादलों की गर्जना के साथ तेज़ बारिश हो सकती है। बिजली गिरने की भी आशंका है।

मध्य भारत के मौसम का हाल देखें तो पूर्वी बिहार से मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र होते हुए कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके कारण मध्य भारत पर आर्द्र हवाएँ बनी हुई है। और आज उम्मीद है कि मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर धूलभरी आँधी चलने और बादलों की गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है।

जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में मौसम काफी गर्म और शुष्क बना रहेगा। यहाँ बनी ट्रफ के कारण ही कर्नाटक के आंतरिक इलाकों, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में बादलों की गर्जना के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India 

यहाँ से उत्तर भारत का रुख करें तो आज से पर्वतीय राज्यों में मौसम में हलचल शुरू होने की संभावना है। जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ पहुँच रहा है। इसके कारण कश्मीर और हिमाचल में हल्की वर्षा हो सकती है। दिल्ली सहित मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ेगा। हालांकि राजस्थान पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र और ट्रफ के कारण राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बादलों की गर्जना के साथ आँधी चलने की संभावना है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

Similar Articles