10 अगस्त का मौसम पूर्वानुमान: मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल में मॉनसून के प्रकोप से मिलेगी राहत, दिल्ली में शुष्क मौसम

August 9, 2019 7:07 PM|

मध्य भारत पर बना सिस्टम आगे बढ़ते हुए अब दक्षिणी पाकिस्तान और इससे सटे कच्छ क्षेत्र पर पहुंच गया है और अब निम्न दबाव बन गया है। इसके प्रभाव से गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। भुज, नलिया, द्वारका, पोरबंदर, वेरावल, कांडला और राजकोट में अच्छी वर्षा की उम्मीद कर सकते हैं। 

सूरत, अहमदाबाद, बड़ौदा, मुंबई और ठाणे सहित गुजरात के पूर्वी भागों और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आंतरिक इलाकों में अब वर्षा कम हो जाएगी। इन भागों में महज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। छत्तीसगढ़ में लगभग सभी स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 1-2 स्थानों पर हल्की वर्षा की गतिविधियां दिख सकती हैं।

दक्षिण भारत में भी मौसम करवट लेगा। मॉनसून वर्षा के प्रकोप से तटीय कर्नाटक और केरल में लोगों को राहत मिलेगी। इन भागों में अब उम्मीद मध्यम वर्षा के साथ 1-2 स्थानों पर भारी वर्षा की ही है। 

आंतरिक कर्नाटक और केरल से सटे तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, तटीय तमिलनाडु और दक्षिणी तेलंगाना में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरी तेलंगाना में हल्की वर्षा होने की संभावना है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।

पूर्वी भारत करें तो बिहार के पूर्वी भागों और झारखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम जबकि पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है। 

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

यानि कोलकाता में हल्की जबकि रांची, पटना, नवादा, कटिहार, नालंदा भागलपुर में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है। 

ओडिशा में मॉनसून कमजोर रहेगा। एक-दो जगहों पर बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है।

उत्तर भारत में पर्वतीय राज्यों में ही मॉनसून का कुछ असर दिखेगा। जबकि मैदानी इलाकों में मॉनसून सुस्त रहेगा। हमारा अनुमान है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो जगह भारी बौछारें गिरेंगी। जम्मू कश्मीर और पंजाब तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश और पंजाब के दक्षिणी भागों में मौसम शुष्क रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

No Article Found

Similar Articles