Skymet weather

[Hindi] 14-09-2015 के लिए राष्ट्रीय मौसम वीडियो रिपोर्ट

September 13, 2015 6:20 PM |

 

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों के पास बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जो पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश को अगले 2 दिनों तक प्रभावित करता रहेगा। इससे पूर्वी तटों पर मॉनसून सक्रिय रहेगा।

निम्न दबाव के प्रभाव से सोमवार को तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बने इस निम्न दबाव के क्षेत्र से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल का भी मौसम बदल गया है। इन भागों में कुछ स्थानों में वर्षा होने के आसार हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।

इधर दक्षिण भारत के कर्नाटक और रायलसीमा में कई जगह बारिश जारी रह सकती है। जबकि केरल और तमिलनाड़ु में वर्षा की गतिविधियों में काफी कमी आने का अनुमान है।

दूसरी तरफ पश्चिम में उत्तर-पूर्वी अरब सागर में मुंबई के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से महाराष्ट्र के तटीय भागों तथा दक्षिणी गुजरात में कई स्थानों पर वर्शा हो सकती है।

उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कोई मौसमी हलचल दिखाई नहीं दे रही है। जिससे इन भागों में आकाश मुख्य रूप से साफ और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

दिल्ली तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाओं का रूख बदलकर दक्षिण-पूर्वी तथा पूर्वी हो गया है, जिससे यहां नमीं का स्तर बढ़ गया है। हवा में इस बदलाव से इन भागों में गर्मी के साथ साथ उमस भी बढ़ गई है। अधिक तापमान और अधिक आर्द्रता की जुगलबंदी से दिल्ली वालों के लिए मौसम परेशान करने वाला होगा।

हालांकि यहाँ दिन में बादल बन सकते हैं लेकिन वर्षा की संभावना फिलहाल नहीं है।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try