Skymet weather

[Hindi] 17-11-2015 के लिए राष्ट्रीय मौसम वीडियो रिपोर्ट

November 16, 2015 3:52 PM |


 

चेन्नई सहित तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मॉनसून ज़ोरों पर है। तमिलनाडु के सभी भागों में भीषण वर्षा हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से उत्तर-पूर्वी मॉनसून पूर्वी तटों के करीब सक्रिय बना हुआ है। खाड़ी में बना यह सिस्टम डिप्रेशन का रूप लेगा या नहीं यह कहना अभी मुश्किल है। लगातार हो रही बारिश के कारण चेन्नई का प्रसिद्ध मरीना बीच बाढ़ के पानी में डूब गया है। बारिश की वजह से तमिलनाडु में हुई दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या 50 को पार कर गई है।

स्काईमेट का अनुमान है कि उत्तरी तमिलनाड़ु में मध्यम से भारी वर्षा की गतिविधियां मंगलवार तक बनी रह सकती हैं। उत्तरी तमिलनाड़ु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में मंगलवार के बाद भी मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हो सकती है।

मध्य भारत के भागों की बात करें तो गुजरात पर बने एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से गुजरात सहित समूचे मध्य भारत में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में पश्चिमी असम से पश्चिम बंगाल के उत्तर तक एक ट्रफ बनी हुई है। जिसके प्रभाव से पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

इधर उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे भागों पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जो उत्तर पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। लेकिन यह भारत के मौसम का प्रभावित नहीं करेगा। हालांकि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में आंशिक रूप से बादल देखे जा सकते हैं।

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में सर्द और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं मंगलवार को और तेज़ होंगी जिससे दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुबह का तापमान नीचे आएगा। दिन में भी पारा कुछ कम होगा।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try