Delhi Weather: दिल्ली में आने वाले दिन गर्म और शुष्क दिन, तापमान में बढ़ोतरी के आसार

By: AVM GP Sharma | Edited By: Mohini Sharma
Feb 23, 2026, 12:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली मौसम अपडेट

मुख्य मौसम बिंदु

  • सफदरजंग में तापमान सामान्य से 4°C अधिक दर्ज।
  • 26–28 फरवरी के बीच 31.6°C रिकॉर्ड टूटने की संभावना।
  • तेज सतही हवाएं 33°C से ऊपर जाने से रोक सकती हैं।
  • साफ मौसम और लगातार धूप से प्री-मॉनसून संकेत।

दिल्ली में उम्मीद के मुताबिक वीकेंड गर्म रहा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला में कल 22 फरवरी को अधिकतम तापमान 29.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4°C अधिक था। दिल्ली और एनसीआर के अधिकतर इलाकों में भी इसी तरह का तापमान दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, खासकर अगले वीकेंड के आसपास गर्मी ज्यादा महसूस की जाएगी।

Copy of Graphs (For Hindi) (3).png

फरवरी में अब तक का रिकॉर्ड और पुराने आंकड़े

इस महीने 16 फरवरी 2026 को दिल्ली में अब तक का सबसे अधिक तापमान 31.6°C दर्ज किया जा चुका है। पिछले दो दशकों में फरवरी महीने में 33°C का आंकड़ा दो बार पार हुआ है, जिसमें 25 फरवरी 2021 को 33.2°C और 20 फरवरी 2023 को 33.6°C तापमान दर्ज किया गया था। फरवरी का अब तक का सबसे अधिक तापमान 34.1°C है, जो 25 फरवरी 2006 को रिकॉर्ड हुआ था। आमतौर पर फरवरी महीने का सबसे ज्यादा तापमान महीने के आखिरी दिनों में ही दर्ज होता है। इस बार भी 26 से 28 फरवरी 2026 के बीच तापमान 31.6°C के पुराने रिकॉर्ड को पार कर सकता है। हालांकि, फरवरी महीने का अधिकतम तापमान 33°C से नीचे ही रहने की संभावना है, क्योंकि महीने के बाकी दिनों में तेज सतही हवाएं चलने की उम्मीद है।

तापमान में होगी लगातार बढ़ोतरी

अगले एक सप्ताह तक पहाड़ों पर कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने वाला है। मैदानी इलाकों में भी किसी बड़ी मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह या उससे अधिक समय तक भरपूर धूप खिली रहेगी। महीने के बाकी दिनों में तापमान धीरे-धीरे लेकिन लगातार बढ़ता रहेगा। आज तापमान आराम से 30°C के पार जाएगा और 31°C के करीब पहुंच सकता है। रोजाना धूप के कारण गर्मी जमा होती जाएगी, जिससे वीकेंड तक तापमान में और वृद्धि देखने को मिलेगी।

तेज हवाएं देंगी प्री-मॉनसून की दस्तक

कल 24 फरवरी से सतही हवाओं की गति बढ़ने की संभावना है। फरवी के बाकी बचे दिनों में लगातार तेज हवाएं चलेंगी, जो दिन के तापमान को बहुत अधिक तेजी से बढ़ने से थोड़ा रोकेंगी। हालांकि, यह बदलाव इस बात का संकेत होगा कि मौसम अब प्री-मॉनसून की ओर बढ़ रहा है। यानी यह इस सीजन में गर्म दिनों की शुरुआत का शुरुआती संकेत हो सकता है। इस बार प्री-मॉनसून का यह बदलाव सामान्य से थोड़ा पहले देखने को मिल सकता है, जो आने वाले समय में ज्यादा गर्मी का संकेत दे रहा है।

author image
AVM GP Sharma
President of Meteorology & Climate Change
AVM Sharma, President of Meteorology & Climate Change at Skymet Weather Services, is a retired Indian Air Force officer who previously led the Meteorological Branch at Air Headquarters in New Delhi. With over a decade of experience at Skymet, he brings a wealth of knowledge and expertise to the organization.
FAQ

संभावना कम है, क्योंकि तेज हवाएं तापमान को सीमित रखेंगी।

नहीं, अगले एक सप्ताह तक कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है।

तेज हवाएं और बढ़ती गर्मी प्री-मॉनसून के शुरुआती संकेत माने जा सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है