[Hindi] मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी की औपचारिक शुरुआत जबकि उत्तर भारत में हो सकती है अच्छी वर्षा-जतिन सिंह, एमडी, स्काइमेट

February 17, 2020 7:11 PM | Skymet Weather Team

पिछले सप्ताह देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। बारिश की गतिविधियां अरुणाचल प्रदेश और आसपास के भागों पर ही सीमित रहीं। हालांकि कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी ऊंचे स्थानों पर हल्का हिमपात या हल्की बारिश दर्ज की गई।

मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ा है, जो संकेत है मौसम में बदलाव का। शीत ऋतु अब वसंत ऋतु को आने का मौका दे रही है। इसके अलावा केरल और कर्नाटक के तटीय भागों के साथ-साथ महाराष्ट्र के तटवर्ती क्षेत्रों में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जो गर्मी के अपने असली रूप में आने की ओर इशारा है। इन बदलावों के चलते हम उम्मीद कर सकते हैं कि देश के अधिकांश इलाकों में जल्द ही गर्मी का मौसम शुरू हो जाएगा।

पिछले सप्ताह के मुकाबले इस सप्ताह हम कुछ गतिविधियों की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि मौसम में बदलाव सप्ताह के मध्य भाग भागों से दिखेगा। उत्तर भारत की बात करें तो एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 18 फरवरी को आएगा जबकि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 20 फरवरी को उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों पर दस्तक दे सकता है। मोटे तौर पर देखें तो 18 फरवरी के बाद से 23 और 24 फरवरी तक जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।

English Version: MD Skymet, Jatin Singh: Rains to drench across North and East India, Summers to make onset South India

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 20 से 23 फरवरी के बीच बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 फरवरी को तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्से और पंजाब व हरियाणा के उत्तरी ज़िले व्यापक रूप में प्रभावित हो सकते हैं।

मध्य भारत

मध्य भारत में पूरे सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों के लिए यह सप्ताह और गर्मी लेकर आ सकता है क्योंकि दिन और रात के तापमान में क्रमशः बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि सप्ताह के दूसरे हिस्से में पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। 23 फरवरी को विदर्भ में भी कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना नजर आ रही है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह ज़्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अरुणाचल प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। जबकि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत की शेष राज्यों में सप्ताह के ज्यादातर समय मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 20 से 23 फरवरी के बीच इन सभी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर गर्जना के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। हमारा आकलन है कि 23 फरवरी को गतिविधियां अपने चरम पर हो सकती हैं।

दक्षिण भारत

दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक में तापमान और बढ़ेगा। तमिलनाडु में 21 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि यह बारिश का स्पेल कुछ ही समय के लिए होगा और कुछ क्षेत्रों पर ही सीमित रहेगा। 21 फरवरी को जहां समूचे तमिलनाडु में हल्की वर्षा की संभावना है, वहीं 22 फरवरी को सिर्फ राज्य के दक्षिणी इलाकों में हल्की बारिश होगी।

दिल्ली के मौसम में क्या होंगे बदलाव

राजधानी दिल्ली में पिछले सप्ताह तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिला। 13 फरवरी को तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिल्ली में 25 डिग्री से ऊपर तापमान 75 दिनों के बाद पहुंचा है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी बढ़कर सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक ऊपर रिकॉर्ड किया गया, जो फरवरी में आमतौर पर देखने को नहीं मिलता है। दिल्ली में 20 से 23 फरवरी के बीच हल्की वर्षा होने की संभावना है। उसके बाद दिन और रात के तापमान में क्रमशः बढ़ोतरी जारी रहेगी।

चेन्नई में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज़

चेन्नई में मौसम लगातार गर्म होता जा रहा है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 21 और 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। चेन्नई में 21 फरवरी को हल्की वर्षा हो सकती है। आपको बता दें कि गर्मी शुरू होने के बाद इस तरह की रुक-रुक कर बारिश चेन्नई के लोगों को प्रायः गर्मी से राहत दिलाती रहती है। हालांकि बारिश के दौरान उमस भी बढ़ जाती है।

Image credit: Onlineindus 

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES