Skymet weather

[Hindi] इस सप्ताह उत्तर-पूर्वी मॉनसून हो जाएगा विदा| उत्तर भारत में शीतलहर रहेगी जारी| मुंबई में बेमौसम बरसात के आसार| चेन्नई में भी सप्ताह के शुरुआती दिनों में वर्षा की संभावना-जतिन सिंह, एमडी, स्काइमेट

December 23, 2019 3:43 PM |

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में पिछले एक सप्ताह से शीतलहर चल रही है और न्यूनतम तापमान गिरकर सामान्य से नीचे पहुँच गया है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर पिछले सप्ताह हुई अच्छी बर्फबारी के कारण दिन और रात दोनों तापमान में बड़ी गिरावट आई है। स्काइमेट ने जैसा अनुमान लगाया था उत्तर-पूर्वी मॉनसून सामान्य से कमजोर रहा जिससे बारिश के आंकड़ों में कमी आई है।

देश के मध्य और दक्षिणी राज्यों पर इस सप्ताह बारिश

इस सप्ताह में मौसमी गतिविधियां मुख्यतः दक्षिणी और मध्य भारत के राज्यों पर ही देखने को मिलेंगी। मध्य भारत में खासतौर पर बेमौसमी बरसात होने की संभावना है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र शुरुआती दिनों में प्रभावित होंगे और बाद में गतिविधियां छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा तक पहुँच जाएंगी। अनुमान है कि मध्य भारत में बारिश देने वाले सिस्टम ही पश्चिम बंगाल में भी बारिश दे सकते हैं।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के मौसम में भी इस सप्ताह के शुरुआती दिनों में बदलाव देखने को मिलेगा। उम्मीद है कि 24 और 25 दिसम्बर को मुंबई और इसके उपनगरीय इलाकों में बारिश दर्ज की जाएगी।

विदाई से पहले उत्तर पूर्वी मॉनसून सक्रिय

उत्तर-पूर्वी मॉनसून इस सप्ताह के साथ ही विदा हो जाएगा। लेकिन जाने से पहले यह सक्रिय हो रहा है जिससे उम्मीद है कि समूचे दक्षिण भारत के राज्यों में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। तमिलनाडु में सप्ताह के शुरुआती दिनों में होगी जबकि केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में सप्ताह के मध्य से बारिश शुरू होने की संभावना है। चेन्नई में 25-26 दिसम्बर तक बारिश के आसार हैं। उसके बाद बारिश यहाँ कम हो जाएगी।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मौसम देखें तो इस सप्ताह भी पिछले सप्ताह की तरह बारिश मुख्यतः अरुणाचल प्रदेश और उत्तरी असम पर ही दर्ज किए जाने के आसार हैं। असम की घाटियों समेत पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान इकाई में पहुंचेगा।

उत्तर भारत में पड़ सकता है पाला

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में इस सप्ताह भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। अनुमान है कि ज़्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जाएगा। दिन का तापमान भी अधिकांश इलाकों में कम रहेगा जिससे कोल्ड डे कंडीशंस की आशंका बनी रहेगी।

लेकिन इस सप्ताह कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ या कोई अन्य सिस्टम उत्तर भारत में नहीं आने वाला है जिससे उत्तर भारत के भागों में मौसमी गतिविधियां होने की संभावना बहुत कम है। केवल पहाड़ी इलाकों में छिटपुट मौसमी हलचल हो सकती है। दिल्ली में शीतलहर और कोहरा दोनों जारी रहेगा। इस सप्ताह वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहतर रहने की संभावना है।

Image credit: OneIndia 

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try